Ghaziabad News : कांवड़ मार्ग की दुकानों की क्यूआर कोड से होगी पहचान
Ghaziabad News : आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने तैयारियां शुरु कर दी हैं। इस बार कांवड़ मार्ग पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की पहचान क्यूआर कोड के माध्यम से होगी। विभाग पहले चरण में कांवड़ मार्ग पर आने वाले सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड लगवा रहा है। श्रद्धालु और आम लोग इन क्यूआर कोड को अपने मोबाइल से स्कैन कर प्रतिष्ठान संचालक की पूरी जानकारी ले सकेंगे। साथ ही यदि किसी प्रकार की अनियमितता या शिकायत सामने आती है तो उसी माध्यम से ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु गाजियाबाद से होकर गुजरते हैं। ऐसे में उन्हें शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए क्यूआर कोड प्रणाली लागू की जा रही है। पहले चरण में केवल कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। इसके बाद इस व्यवस्था को बढ़ाकर शहर के अन्य हिस्सों में भी किया जाएगा। क्यूआर कोड स्कैन करने पर संबंधित दुकान या प्रतिष्ठान का पंजीकरण, संचालक का नाम और अन्य आवश्यक विवरण खुलेगा। इससे उपभोक्ताओं को यह भरोसा मिलेगा कि वह पंजीकृत प्रतिष्ठान से खाद्य सामग्री खरीद रहे हैं। यदि किसी श्रद्धालु को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई या अन्य किसी तरह की गड़बड़ी दिखाई देती है तो वह क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद सीधे शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मुख्यालय लखनऊ तक तत्काल पहुंचेगी, जिससे उस पर तुरंत कार्रवाई जा सकेगी। इससे खाद्य प्रतिष्ठानों की जवाबदेही भी बढ़ेगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष निगरानी की व्यवस्था भी की है। विभाग की टीमें कांवड़ मार्ग पर लगातार निरीक्षण करेगी। ये टीमें होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों, फल विक्रेताओं और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर जाकर जांच करेंगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, लाइसेंस की जांच करेंगी।
जिला अभिहित अधिकारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि कावड़ यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए विभाग ने नौ विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें कांवड़ मार्ग पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण करेंगी। जांच के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लाइसेंस देखेंगी। टीमों द्वारा होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानें, पेय पदार्थ विक्रेता और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भी भेजे जाएंगे। जांच के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में मिलावटी, बासी या मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

