Noida News : पोस्टमार्टम हाउस में शव की बेकद्री करने और रिश्वत मांगने के मामले में जांच शुरू
Noida News : नोएडा के सेक्टर 94 मे स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस में शव की बेकद्री करने और रिश्वत मांगने के आरोपों से जुड़े तीन वीडियो क्लिप वायरल होने के बाद आज स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले की जांच के लिए टीम बनाई है।
वीडियो में कुछ लोग शव के लिए कफन की व्यवस्था न करने, खुद से शव को पैक करने और रिश्वत मांगने का आरोप लगा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले की जांच के लिए टीम बनाई है।
उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर निवासी 24 वर्षीय रुचित कुमार चिपियाना गांव में रहता था। वह मजदूरी करता था। सोमवार सुबह निर्माणाधीन भवन के सामने पार्क में उसका शव पेड़ से लटका मिला था। उसके पास शराब की खाली बोतल और नमकीन का पैकेट आदि सामान पड़ा था। उसका शव सोमवार को पोस्टमॉर्टम हाउस भेजा गया। यहीं के वीडियो क्लिप वायरल हो रहें। इसमें दिख रहा है कि एंबुलेंस से उतारते समय शव काले कवर में पैक है। बाद में उस कवर को हटाकर मृतक के परिजन खुद सफेद कपड़े में शव को पैक कर रहे हैं।
परिजन बता रहे हैं कि यहां कोई डॉक्टर और कर्मचारी नहीं है। हमें खुद शव को पैक करना पड़ रहा है। परिजन और वीडियो बनाने वाला व्यक्ति आरोप लगाते दिख रहे हैं कि कर्मचारी शव को ढंकने के लिए कपड़े भी नहीं दे रहे। कर्मचारी इसके लिए 3 हजार रुपए मांग रहे हैं। बाद में शव को एंबुलेंस से सीतापुर ले जाया गया। पीड़ित परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार ने एक जांच टीम बनाई। स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ और पोस्टमॉर्टम हाउस प्रभारी डॉ. जैसलाल ने पोस्टमॉर्टम हाउस का जायजा लिया। इस मामले से संबंधित सभी कागजात और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे देखा। बताया जा रहा कि जहां वीडियो बनाया गया, वह स्थान सीसीटीवी कैमरे की जद में नहीं है। लिहाजा डॉ. जैसलाल के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई है।पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के बुधवार को बयान दर्ज किए गए। साथ ही, पीड़ित परिवार से भी संपर्क कर मामले के बारे में जानकारी ली जाएगी। विभाग का कहना है कि पोस्टमॉर्टम हाउस में शव की पैकिंग की गई थी। मृतक के परिजनों ने शव को अपने कपड़े में पैक करने के लिए पहले से की गई पैकिंग को हटाया।
मालूम हो वर्ष 2025 मे पोस्टमॉर्टम हाउस में शवों के बीच में एक कर्मचारी महिला से अय्याशी करता दिखा था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था, तब स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल दो कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया था। इसके बाद पोस्टमॉर्टम हाउस में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। साथ ही, शवों को सुरक्षित रखने के लिए डीप फ्रीजर की संख्या भी बढ़ाई गई थी।

