Noida News : पहले हुआ साइबर अपराध का शिकार, फिर बदमाशों ने लूट लिया मोबाइल फोन
Noida News : साइबर अपराध से पीड़ित एक व्यक्ति को उसे समय और पीड़ा हो गई जब बाइक सवार बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन लूट लिया। इस मामले में पीड़ित ने थाना सेक्टर 24 में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यासिर फराज निवासी सेक्टर 79 ने बीती रात को थाना सेक्टर 24 में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह साइबर क्राइम के शिकार हो गए थे। वह अपनी शिकायत लेकर नोएडा के सेक्टर 36 स्थित साइबर क्राइम थाने में गए। वहां पर कुछ देर रुकने के बाद वह वहां से निकले तथा पैदल सिटी सेंटर की तरफ जा रहे थे, तभी भूटानी मॉल के पास बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उनका कीमती मोबाइल फोन लूट लिया। उनके अनुसार उन्होंने बदमाशों का पीछा किया लेकिन बदमाश तेजी से बाइक चलाते हुए कल्याणपुरी दिल्ली की तरफ भाग गए। पीड़ित के अनुसार उनके मोबाइल फोन में उनका बैंकिंग और निजी डेटा है। पीड़ित ने आशंका व्यक्त की है कि बदमाश उनके मोबाइल फोन का दुरुपयोग कर सकते हैं। थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि पीड़ित ने बीती रात को घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस विधि की सहायता से बदमाशों की तलाश कर रही है।

