Noida News : अंडरपास के नीचे भरे पानी में फंसी कार, 7 लोगों को रेसक्यू करके पुलिस ने निकाला बाहर
Noida News : नोएडा में आई तेज आंधी और बारिश के चलते थाना फेस वन क्षेत्र के सेक्टर 95 अंडरपास के पास के नीचे भरे पानी में कार सवार सात लोग फंस गए। उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए गुहार लगाई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग और पुलिस की गाड़ियों ने रेस्क्यू करके सभी को बाहर निकाला।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि सोमवार को एनसीआर में तेज बारिश हो रही थी। उन्होंने बताया कि बारिश के चलते सेक्टर 95 के पास अंडरपास में पानी भर गया। वहां से एक रेनॉल्ट ट्राइबल कार सवारी भरकर गुजर रही थी। कार गहरे पानी में फंस गई, तथा उसमें बैठे लोगों की जान आफत में आ गई। उन्होंने बताया कि उन लोगों ने तत्काल पुलिस से मदद मांगी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू करके कार को बाहर निकाला और उसके अंदर फंसे हुए सभी सात लोगों को सकुशल बचाया। उन्होंने बताया कि कार गुरुग्राम से बुलंदशहर की तरफ जा रही थी।

