Greater Noida News : लूट की झूठी सूचना देकर डेयरी संचालक से 10 लाख रूपए हड़पने वाले जीजा- साले गिरफ्तार

Greater Noida News : थाना दनकौर पुलिस ने दूध की डेरी के संचालक को लूट की झूठी सूचना देकर उनसे 10 लाख रूपए हड़पने के मामले में जीजा- साले को गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने फर्जी लूट का बहाना बनाकर रकम को हड़पने की योजना बनाई थी। आरोपी जीजा ने लूट की फर्जी कहानी को सही दर्शाने के लिए खुद को गोली मारकर घायल भी कर लिया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
Police Station Dankaur Greater Noida News : अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली निवासी जितेंद्र शर्मा दनकौर में दूध का कारोबार करते हैं। उन्होंने 21 अगस्त को डेरी पर काम करने वाले उमेश को 10 लाख रुपए देकर अपने घर भेजा था। उसी रात में उसके भाई ने फोन करके बताया कि उसके भाई को बदमाशों ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर गोली मार कर 10 लाख रुपए की रकम लूट ली है। उसका उपचार ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में चल रहा है। जितेन शर्मा को उमेश से मिलने अस्पताल पहुंचे। उनको शक हुआ की उमेश के साथ लूट नहीं हुई है, बल्कि वह उनकी रकम को हड़पने की नीयत से लूट की झूठी कहानी बना रहा है। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने बुधवार रात को थाना दनकौर पुलिस से शिकायत की।
उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पूछताछ की तो पता चला कि रकम को हड़पने के लिए उमेश और उसके साले पवन ने मिलकर लूट की फर्जी कहानी बनाई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उमेश और पवन को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनके पास से लूट गए 10 लाख रुपए से भरा बैग, देसी तमंचा ,घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार ,एक वैगनरआर कार बरामद किया है। उन्होंने बताया कि घटना को सही दिखाने के लिए उमेश ने अपने पास रखे हुए अवैध तमंचे से खुद के कंधे पर गोली मार ली थी। उसने तमंचे को झाड़ियां में फेंक दिया था।