Greater Noida News : गोली लगने से लहुलुहान अवस्था में स्कॉर्पियो कार में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव, हत्या की आशंका

Jul 13, 2026 - 12:52
Greater Noida News : गोली लगने से लहुलुहान अवस्था में स्कॉर्पियो कार में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव, हत्या की आशंका
Symbolic Image

Greater Noida News : थाना सूरजपुर क्षेत्र के एबीजी हाईट सोसाइटी के पास एक प्रॉपर्टी डीलर का शव स्कॉर्पियो कार में लहूलुहान अवस्था में रविवार की देर रात को मिला है। मौके पर एक देसी तमंचा भी पुलिस को मिला है। पुलिस को आशंका है कि उसने आत्महत्या किया है। जबकि आसपास के लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

 थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने बताया कि 12 जुलाई की देर रात को पुलिस लेपर्ड ग्रस्त करती हुई डेल्टा -3 के ओ- ब्लॉक तिराहे के पास पहुंची। तभी उन्हें एबीजी हाईट सोसाइटी के पास सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो कार साइड में खड़ी दिखाई दी, जिसमें बैक लाइट एवं आगे की टेल लाइट जल रही थी। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने जब जाकर देखा तो उन्हें पता चला कि ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति की शरीर से खून बह रहा है। पास मे एक तमंचा पड़ा हुआ था।

 उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम पहुंची। घायल को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर डॉक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान सौराज पुत्र प्रेम राज निवासी ग्राम जुमरथपुर दिल्ली तथा वर्तमान पता मिग्सन ग्रीन सोसाइटी थाना सूरजपुर उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। वह मौजूदा समय मे प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। 

 उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस को आशंका है कि उक्त व्यक्ति ने किसी अवसाद के चलते खुद को गोली मारकर आत्महत्या किया है। वहीं आसपास मौजूद लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस विधि से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अभीतक मृतक के परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की है।