Ghaziabad News : गला दबाकर एक व्यक्ति की हत्या, पत्नी हिरासत में

Apr 1, 2026 - 22:10
Ghaziabad News : गला दबाकर एक व्यक्ति की हत्या, पत्नी हिरासत में
Symbolic Image

Ghaziabad News : थाना खोड़ा क्षेत्र में एक व्यक्ति मूर्छित अवस्था में मिला। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों उनको मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। परिजनों ने युवक की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी महिला को बुधवार रात को हिरासत में ले लिया है।

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि खोड़ा कॉलोनी के शंकर विहार में रहने वाले 31 वर्षीय विजेंद्र मालवाहक वाहन चलाते थे। उन्होंने 10 साल पहले दूसरे धर्म की हिना उर्फ सानिया से शादी की थी। दोनों के नौ और सात साल के बेटे हैं। विजेंद्र भूतल पर रहते थे, जबकि उनके दो भाई मां के साथ ऊपरी दो तलों पर रहते थे। विजेंद्र के भाई बबलू ने बताया कि 31 मार्च की रात मां कीर्तन में गई थीं। घर के बाकी लोग भी बाहर थे। उन्होंने बताया कि मंगलवार की देर रात को जब वह घर लौटे तब विजेंद्र बेहोशी की हालत में चारपाई पर मिले। उन्होने पुलिस को सूचना दी। विजेंद्र को अस्पताल ले गए, जहां विजेंद्र को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया गया। विजेंद्र के भाई बबलू ने भाभी पर ही हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि घर पर घटना के समय वही मौजूद थी। विजेंद्र बीमार भी नहीं था। आरोप है कि उसके गले पर निशान मिला, जिससे हत्या की आशंका हुई।एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विजेंद्र की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी हिना को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में झगड़े के दौरान हत्या करने की बात सामने आई है।