Ghaziabad News : इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से घर में लगी आग, लपटों से घिरा परिवार ग्रिल काटकर भागा

Jul 11, 2026 - 19:50
Ghaziabad News : इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से घर में लगी आग, लपटों से घिरा परिवार ग्रिल काटकर भागा
इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से घर में लगी आग की फोटो

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन स्थित एक मकान के पहली मंजिल के बाहरी हिस्से में आग लग गई। पीड़ित परिवार ने ग्रिल काटकर रास्ता बनाया और नीचे कूदकर जान बचाई। बताया जा रहा है कि स्कूटी की बैट्री निकालकर कमरे में रख ली थी, जो देर रात अचानक फट गई। हालांकि, समय रहते दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

 शालीमार गार्डन एक्सटेंशन निवासी हरदीप सिंह ने बताया कि मकान में प्रथम तल पर वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ किराये पर रहते हैं। बारिश के कारण कॉलोनी में जलभराव हो गया था। उन्होंने अपनी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी की बैट्री निकाल कर कमरे में रख ली। देर रात अचानक बैट्री फट गई। इससे वहां रखे गद्दे और अन्य सामान ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग मकान के अगले हिस्से में फैल गई। कमरे में धुआं भरने पर उन्हें आग लगने की जानकारी हुई।

आग के कारण वह बाहर नहीं निकल पाए। वह पत्नी और बच्चों को मकान के पीछे के हिस्से में ले गए। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकत्र किया। उन्होंने कमरे की लगी ग्रिल काटकर बाहर निकलने का रास्ता बनाया।

इसके बाद लोगों की मदद से पत्नी और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। उसके बाद स्वयं नीचे कूदे। लोगों ने आग की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग से घरेलू सामान, कीमती कागजात जलकर राख हो गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि हादसा इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैट्री फटने से हुआ था।