Noida News : कोचिंग सेंटरों की जांच शुरू ,फायर उपकरण मानकों के अनुरूप नही मिलने पर कड़ी चेतावनी
Noida News : ग्रेटर नोएडा के विभिन्न जगहों पर स्थित कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन उपकरणों की जांच के लिए शनिवार से अभियान शुरू हो गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कमर्शियल बेल्ट के ओम टावर स्थित 11 कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा उपकरणों की जांच की। संयुक्त टीम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ फायर ऑफिसर विनोद पांडेय और प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम शामिल रहे। विशेष कार्याधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच में कुछ कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन उपकरण मानकों के अनुरूप मिले, लेकिन कुछ सेंटरों में अग्निशमन उपकरण मानकों के अनुरूप नहीं मिले। टीम की तरफ से इन कोचिंग सेंटरों को अग्निशमन उपकरण मानकों के अनुरूप तत्काल लगवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विगत दिनों हुई बैठक में सभी कोचिंग सेंटरों को अग्निशमन उपकरण 15 दिन के अंदर लगवाने की निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने प्राधिकरण में बैठक कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी की तरफ से 15 दिन की अवधि आगामी सोमवार को समाप्त हो जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए शनिवार से कोचिंग सेंटरों की जांच शुरू की गई और सोमवार तक मानकों के अनुरूप सभी सुरक्षा उपकरण लगवाने के निर्देश दिए गए। दोबारा जांच में खामी पाए जाने पर कोचिंग सेंटरों को सील किए जाने की चेतावनी दी गई है।

