Noida News : विभिन्न जगहों से कीमती मोबाइल फोन और सोने की चेन लूटी
Noida News : नोएडा के विभिन्न जगहों से बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने कीमती मोबाइल फोन और सोने की चेन लूट लिया। घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर- 24 के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने बताया कि दिव्या बावरी ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 13 अक्टूबर की शाम को बिलाब॔ग स्कूल के गेट के सामने ऑटो रिक्शा से उतरी। इसी बीच बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उनका कीमती मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के समय उनका 12 साल का बच्चा उनके साथ था। इस घटना से वह बुरी तरह से डर गया। पीड़िता के अनुसार उन्होंने मदद के लिए काफी गुहार लगाई लेकिन कोई मदद करने के लिए नहीं आया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से बदमाशों की तलाश कर रही है।
थाना सेक्टर- 113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि वरुण बजाज पुत्र विद्यासागर ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 78 स्थित महागुन मॉडर्न सोसाइटी में रहते हैं। उनके अनुसार वह प्रतीक विस्टोरिया सोसाइटी के गेट नंबर- 3 के पास से पैदल जा रहे थे तभी बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन लूट लिया। पीड़ित के अनुसार उनकी सोने की चेन करीब डेढ़ तोले की थी। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

