Noida News : निर्माणाधीन मकान में काम करने वाले श्रमिक को बिजली का करंट लगा मौत

Feb 17, 2026 - 19:11
Noida News : निर्माणाधीन मकान में काम करने वाले श्रमिक को बिजली का करंट लगा मौत
Symbolic Image

Noida News : थाना सेक्टर 63 क्षेत्र मे निर्माणाधीन एक मकान में काम करने वाले मजदूर को बिजली का करंट लग गया। उसे उपचार के लिए गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने बताया कि बीती रात को चोटपुर कॉलोनी में रहने वाले अजीत गुप्ता के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। वहां पर मजदूर नसीम अली पुत्र बदरुद्दीन उम्र 37 वर्ष मूलनिवासी जनपद कन्नौज कम कर रहा था। काम के दौरान उसे बिजली का करंट लग गया। उसे अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान आज उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अगर मृतक के परिजन इस मामले में कोई शिकायत करेंगे तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच करेगी।

 थाना फेस-दो के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि राहुल तिवारी पुत्र दुर्गेश तिवारी उम्र 40 वर्ष सेक्टर 110 में रहते थे। मंगलवार को वह अपने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में बाथरूम मे गिर गए। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ऐसी आशंका है कि बाथरूम में उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसकी वजह से वह गिर पड़े तथा उन्हें चोट लगी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।