Noida News : पति की प्रेमिका की हत्या करने वाली महिला गिरफ्तार

Oct 14, 2026 - 22:51
Noida News : पति की प्रेमिका की हत्या करने वाली महिला गिरफ्तार
पति की प्रेमिका की हत्या करने वाली गिरफ्तार महिला की फोटो

Noida News : पति की प्रेमिका की गला दबाकर हत्या करने वाली महिला को थाना फेस- 2 पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि थाना फेस-दो क्षेत्र के याकूबपुर गांव में एक युवती का शव एक मकान के अंदर पड़ा हुआ मिला था। जिस घर में युवती का शव मिला था उसमें एक पति पत्नी रहते थे। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई की महिला की गला दबाकर हत्या की गई है।

 उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया, तथा घटना की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर की शाम को थाना पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने वाली शीला कुमारी पत्नी नितिन मूलनिवासी जनपद कासगंज को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की उम्र 24 वर्ष है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2025 को नितिन पुत्र मुकेश के साथ हुई थी। महिला के अनुसार उसके पति के मृतका मनीषा से प्रेम संबंध थे। उसका पति मनीषा को उसके कमरे में लेकर आया तथा एक साथ रखने लगा। इस बात को लेकर मनीषा से वह ईर्ष्या करने लगी। महिला के अनुसार उसका पति 4 अक्टूबर को कासगंज जनपद किसी काम से चला गया। इसी बीच उसने 5 अक्टूबर को मनीषा की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से चली गई।