Noida News : पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Jul 7, 2026 - 19:56
Noida News : पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Noida News : थाना सेक्टर-39 थाना पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। उसके एक नाबालिग साथी को भी पुलिस ने अभिरक्षा मे लिया है। आरोपियों के पास से जीआईपी मॉल के पास से चोरी की गई स्विफ्ट डिजायर कार, अट्टा मार्केट से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक, एक तमंचा, कारतूस और अवैध चाकू बरामद हुआ हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर-39 पुलिस जीआईपी मॉल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लेबर चौक की ओर से आ रही एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में कार चलाकर सदरपुर कॉलोनी की ओर भाग निकला। पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी सेक्टर-42 के जंगल के पास कार छोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि घायल बदमाश की पहचान सेक्टर-18 स्थित जेजे कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय भानु उर्फ सागर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला है। कांबिंग के दौरान उसका नाबालिग साथी भी पकड़ लिया गया। तलाशी में भानु के पास से तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस मिला, जबकि नाबालिग के पास से अवैध चाकू बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर अट्टा मार्केट से चोरी की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक भी बरामद कर ली गई।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि छह जुलाई को उन्होंने जीआईपी मॉल गेट के पास से स्विफ्ट डिजायर टैक्सी चोरी की थी। इससे दो दिन पहले अट्टा मार्केट से स्प्लेंडर बाइक भी चुराई थी। पुलिस के अनुसार भानु 50 से अधिक वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और कई बार जेल जा चुका है। वारदात के दौरान वह सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ था।एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि भानु के खिलाफ सेक्टर-20 और सेक्टर-39 थानों में वाहन चोरी, आपराधिक षड्यंत्र और आयुध अधिनियम समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि वह सक्रिय वाहन चोर गिरोह का सदस्य है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और वाहन चोरी सहित विभिन्न धाराओं में 6 मुकदमे दर्ज हैं।