Noida News : मर्यादा पुरुषोत्तम राम का चरित्र सीखाता है धर्म का पालन करना: दीपक विग

Oct 18, 2026 - 18:37
Noida News : मर्यादा पुरुषोत्तम राम का चरित्र सीखाता है धर्म का पालन करना: दीपक विग
रामलीला मंचन के अवसर पर बोलते हुए सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग

Noida News : सेक्टर 46 में आयोजित "श्री राम लखन धार्मिक कमेटी रामलीला" के आयोजन में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष और पंजाबी विकास मंच के अध्यक्ष दीपक ने अति विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि रामलीला केवल एक नाटक या मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति, आस्था और संस्कारों की जीवंत परंपरा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, सत्य, धर्म, और कर्तव्य का पालन करना सिखाता है। प्रभु श्रीराम ने जीवन की हर परिस्थिति में चाहे वह वनवास का कठिन समय हो या माता-पिता के वचनों को निभाने की बात हो हमेशा धर्म का साथ दिया। रावण का वध इस बात का प्रतीक है कि अहंकार और अधर्म चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत हमेशा सत्य, न्याय और अच्छाई की ही होती है।

उन्होंने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि आज के इस भागदौड़ भरे जीवन में, जहाँ हम कई बार नैतिक मूल्यों से दूर हो जाते हैं, रामलीला के पात्र और उनकी कथाएँ हमें यह याद दिलाती हैं कि हमें एक अच्छा इंसान कैसे बनना है। यह हमें समाज में एकता, प्रेम और भाईचारा बनाए रखने की प्रेरणा देती है।

मैं इस मंच के माध्यम से आयोजकों, कलाकारों और आप सभी दर्शकों को धन्यवाद देना चाहता हूँ, जो इतनी मेहनत और श्रद्धा के साथ इस सांस्कृतिक धरोहर को आज भी जीवित रखे हुए हैं। आइए, हम सब यह प्रण लें कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को केवल मंच पर ही नहीं, बल्कि अपने रोजमर्रा के जीवन में भी उतारेंगे।

 उन्होंने कहा कि आधुनिक समाज के लोगों को रामलीला से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि श्री राम के आदर्श, त्याग, तपस्या और माता-पिता के प्रति सम्मान और स्नेह आज के युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि समाज चाहे कितना भी आधुनिक क्यों ना हो जाए, सोशल मीडिया और और डिजिटल युग चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों ना हो भारतीय संस्कृति की जड़े कितनी मजबूत है इसका जीता जागता उदाहरण रामलीलाओं में उमड़ने वाली भारी भीड़ है। 

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ,पूर्व एमएलसी राकेश यादव, भाजपा नेता मूलचंद अवाना, सपा नेता भीष्म यादव, भाजपा नेता पूनम सिंह, विपिन अग्रवाल, राजिंदर जैन, गौरव यादव, बाबूलाल बंसल, अतुल यादव, सुनीता शारदा, मनोज गोयल, गौरव सिंघल, दिनेश यादव ,अरविंद चौहान, नरेंद्र शर्मा ,दाताराम यादव, राजीव श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।