Noida News : पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन
Noida News : कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई (94 वर्ष) का नोएडा के मेट्रो अस्पताल में आज निधन हो या। उन्हें गंभीर हालत में आज सुबह को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी मौत हृदय घात के चलते हुई है। वह नोएडा के सेक्टर 40 मे वर्तमान समय में रह रही थी। उनके आकस्मिक निधन की सूचना पाकर भारत के कई बड़े नेता, पूर्व मंत्री, उनके आवास पर पहुंचे, तथा परिजनों को सांत्वना दिया। उन्हें दिल्ली के निजामुद्दीन में शाम को सुपुर्दे खाक किया गया।
मोहसिना किदवई के निधन की खबर मिलते नोएडा स्थित उनके आवास पर परिजनों को सांत्वना देने वालों का तांता लग गया। उनके निधन पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने दुख जताया है। निधन पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपनी टीम के साथ नोएडा पहुंचे। अंतिम दर्शन कर उन्होंने भावभीनी श्रद्वांजलि दी। इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोहसिना किदवई केवल एक राजनेता नहीं थीं, बल्कि वे भारतीय राजनीति में शुचिता, संघर्ष और वैचारिक स्पष्टता का प्रतीक थीं। एक ऐसे दौर में जब राजनीति में मूल्यों का क्षरण हो रहा है, किदवई जैसी शख्सियत का जाना एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने जिस दृढ़ता के साथ गांधीवादी विचारधारा और संवैधानिक मूल्यों का प्रतिनिधित्व किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। एक केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल ने यह सिद्ध किया कि सत्ता का उपयोग जनसेवा के लिए किस निष्ठा के साथ किया जाना चाहिए। उनके निधन की सूचना पाकर पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, आनंद शर्मा,राज्यसभा सांसद जयराम रमेश, सांसद तनुज पुनिया, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया शिंदे, भी नोएडा के सेक्टर 40 स्थित उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने भी परिजनों को सांत्वना दी तथा मोहसिना किदवई के द्वारा समाज के प्रति किए गए कार्यों की याद करते हुए कहा कि इस तरह के राजनेता के चले जाना राजनीतिक के एक युग का समाप्त होने जैसा है। वहीं मोहसिना किदवई के निधन पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक,पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, ने गहरा शोक व्यक्त किया है। श्रीमती मोहसिना किदवई की तीन बेटियां हैं। वह आजमगढ़ ,बहराइच और मेरठ से पूर्व में सांसद रह चुकी हैं। वह मूल रूप से जनपद बाराबंकी की रहने वाली थी। वह पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी , राजीव गांधी और सोनिया गांधी के खासे नजदीकी नेताओं मे मानी जाती थी।

