Noida News : मोबाइल फोन के सिम को 4 जी से 5 जी में करने के नाम पर महिला के खाते से साइबर अपराधियों ने निकाले 24 लाख 86 हजार रुपए

Feb 16, 2026 - 13:25
Noida News : मोबाइल फोन के सिम को 4 जी से 5 जी में करने के नाम पर महिला के खाते से साइबर अपराधियों ने निकाले 24 लाख 86 हजार रुपए
Symbolic Image

Noida News : थाना साइबर क्राइम मे एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक साइबर अपराधी ने उनकी पत्नी से संपर्क किया तथा उनके मोबाइल फोन के सिम को 4 जी से 5 जी में अपग्रेड करने के नाम पर उनके मोबाइल फोन को हैक कर लिया तथा उनके खाते से विभिन्न बार में 24 लाख 86 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि बीती रात को इंद्रजीत चटर्जी निवासी सेक्टर 82 ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पत्नी अनंदिता के पास 4 फरवरी को एक फोन आया। फोन करने वाले ने उनसे कहा कि वह एयरटेल कंपनी से बोल रहा है। आरोपी ने महिला से कहा कि वह अपना मोबाइल फोन का सिम 4जी से 5 जी में अपग्रेड करना चाहती हैं, तो उनकी पत्नी ने हामी भर दी।
 उन्होंने एयरटेल कंपनी का अधिकारी बनकर एक रिक्वेस्ट भेजा तथा उनकी पत्नी का फोन 4जी से 5 जी में करने की बात कही। अगले दिन उसका फोन आया तो उनकी पत्नी ने कहा कि उनका सिम अपग्रेड नहीं हुआ है तो उसने कहा कि इसके लिए ई सीम जरूरी है, और आपका फोन 24 घंटे के लिए बंद रहेगा। जब उनकी पत्नी ने सवाल उठाया तो उसने कहा कि यह जरूरी है।
 उन्होंने बताया कि 24 घंटे बाद भी उनकी पत्नी का फोन इनएक्टिव रहा। उसने 5 फरवरी को कॉल किया। जब उनकी पत्नी ने पूछा तो उसने कहा कि कुछ टेक्निकल प्रॉब्लम है। फोन कई दिनों तक इनएक्टिव रहा।  जबकि आरोपी बीच-बीच में उनकी पत्नी को कॉल करता रहा और बहाना बनाता रहा। 8 फरवरी को पीड़ित दंपति एयरटेल स्टोर गए और उन्होंने अपना 4जी सिम फिर से जारी करवाया। उसके बाद उन्होंने अपना अकाउंट चेक किया तो पता चला कि उनके सेविंग अकाउंट और क्रेडिट कार्ड से कई बार फ्रॉड ट्रांजैक्शन किए गए हैं। आरोपी ने उनके खाते से विभिन्न बार में 24 लाख 86 हजार 58 रुपया निकल लिया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।