Noida News : नोएडा में आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट में अवैध अतिक्रमण के विरोध में कैंडल मार्च, कॉमन एरिया खाली कराने की मांग

Jul 12, 2026 - 18:29
Noida News : नोएडा में आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट में अवैध अतिक्रमण के विरोध में कैंडल मार्च, कॉमन एरिया खाली कराने की मांग

Noida News : सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट के बड़ी संख्या में निवासियों ने सोसाइटी के कॉमन, स्टिल्ट और अन्य साझा क्षेत्रों में कथित अवैध अतिक्रमण के विरोध में शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शन में विभिन्न टावरों के निवासियों ने भाग लेते हुए साझा स्थानों की सुरक्षा और नियमों के पालन की मांग उठाई।

कैंडल मार्च के दौरान निवासी सोसाइटी के उस मेंटेनेंस ऑफिस के बाहर एकत्र हुए, जिसके बारे में उनका आरोप है कि इसका निर्माण सार्वजनिक और स्टिल्ट क्षेत्र में अतिक्रमण कर किया गया है। विरोध के प्रतीक के रूप में निवासियों ने कार्यालय के बाहर मोमबत्तियां जलाकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना प्रतिरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सोसाइटी के कॉमन एरिया से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं और भविष्य में किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले निर्धारित नियमों तथा निवासियों के अधिकारों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।

निवासियों का कहना था कि जिस संस्था की जिम्मेदारी सोसाइटी में नियमों का पालन कराना और अवैध अतिक्रमण रोकना है, यदि वही सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण को बढ़ावा देगी, तो इससे नियमों के प्रति लोगों का विश्वास कमजोर होगा और गलत परंपरा स्थापित होगी।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि सोसाइटी के साझा क्षेत्रों की सुरक्षा, पारदर्शिता, कानून के शासन और सभी निवासियों के समान अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित कराना है।

कैंडल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शन के अंत में निवासियों ने संबंधित प्राधिकरणों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की और भविष्य में भी लोकतांत्रिक एवं कानून सम्मत तरीके से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का संकल्प दोहराया।