Noida News : लोन दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
Noida News : लोन दिलवाने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे ठगी करने वाले कॉल सेंटर का आज सुबह को पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम श्रीमती मनीषा सिंह ने बताया कि थाना फेस- वन पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 2 के डी- ब्लॉक में स्थित एक कंपनी में अवैध रूप से कॉल सेंटर चल रहा है, जिसमें लोगों को फोन करके लोन दिलवाने के नाम पर उनसे ठगी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर आज पुलिस ने छापेमारी की तथा मौके से पवन कुमार पुत्र सतपाल सिंह, मोहित पुत्र सुशील कुमार, हर्ष शर्मा पुत्र मुकेश शर्मा, स्वाती पुत्री संजीव कुमार तथा प्रीति पुत्री जयप्रकाश को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 6 चेक बुक, 160 कॉलिंग डाटा शीट, बिलिंग बुक, इंटरनेट राउटर आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग सीधे-साधे लोगों को फोन करते हैं तथा उन्हें अपने जाल में फंसाकर लोन दिलवाने के नाम पर उनसे लाखों रुपए की ठगी करते हैं।

