Noida News : बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, भारत में अवैध रूप से चला रहा था पीजी

Noida News : थाना सेक्टर 126 पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को बीती रात को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने फर्जी तरीके से बनवाए गए भारतीय आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किया है। यह अवैध रूप से भारत में रह रहा था। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस के आलाधिकारी और खुफिया एजेंसी के लोग पूछताछ कर रहे हैं।
Noida News : थाना सेक्टर 126 के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान ने बताया कि बीती रात को उप निरीक्षक अजीत कुमार सिंह गस्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि बख्तावरपुर गांव के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा है, तथा वह अन्य देश की भाषा बोल रहा है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उक्त व्यक्ति को हिरासत में लिया। उसने अपना नाम आसिफ शेख पुत्र अब्दुल शेख बताया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रेस्टीज पैराडाइज पीजी ग्राम बख्तावरपुर का रहने वाला खुद को बताया। जांच में पता चला कि वह मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला है। उसने अवैध तरीके से सीमा पार करके भारत में प्रवेश किया तथा पहले पूणे गया। पुणे में उसने एक फर्जी आधार कार्ड बनवाया। उसके आधार पर वह भारत में रहने लगा। उसके बाद वह इंदिरापुरम आया। वहां पर भी एक जन सुविधा केंद्र की संचालक के साथ मिलकर उसने फर्जी आधार कार्ड बनवाया, जिसका पता उसने इंदिरापुरम का दिया। उसी के आधार पर उसने बख्तावरपुर गांव में आकर एक व्यक्ति से संपर्क करके पीजी चलाना शुरु कर दिया। पीड़ित के पास से दो मोबाइल फोन फर्जी तरीके से बनाए गए दो आधार कार्ड ,ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट की छाया कापी, बांग्लादेश के जन्म की प्रमाण पत्र की छाया प्रति आदि बरामद हुई है।
Police Station Thana Sector - 126 Noida News : उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि इसका भाई अवैध रूप से गाजियाबाद में पहले रहता था, जिसे गाजियाबाद पुलिस ने वर्ष 2018 में गिरफ्तार किया था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपनी बहन आसमा जो कि बांग्लादेश में रहती है उसे भारत में अवैध रूप से लाने की फिराक में था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और खुफिया एजेंसी के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किसी राष्ट्र विरोधी गतिविधि में तो संलिप्त नहीं है।