Noida News : बोर्ड परीक्षा के बीच नोएडा के विभिन्न स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली फर्जी धमकी

Feb 19, 2026 - 19:43
Noida News : बोर्ड परीक्षा के बीच नोएडा के विभिन्न स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली फर्जी धमकी
बोर्ड परीक्षा के बीच नोएडा के विभिन्न स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली फर्जी धमकी

Noida News : केंद्रीय शिक्षा माध्यमिक बोर्ड और उत्तर प्रदेश शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा के बीच बृहस्पतिवार को गौतम बुद्ध नगर जनपद में स्थित दर्जनों निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के द्वारा प्राप्त हुई। घटना के सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी, बम स्क्वायड दस्ता, डाॅग स्क्वायड और गुप्तचर एजेंसिया तथा एटीएस की टीम जांच में जुट गई। जांच के बाद पुलिस अफसरों ने बताया की यह धमकी झूठी थी। पुलिस अधिकारियों ने बोर्ड की परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं को आस्वत किया है कि व निर्भीक होकर परीक्षा दें।

 अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को ई-मेल के माध्यम से नोएडा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ स्कूलों में बम रखा हुआ है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिन-जिन स्कूलों में बम होने की सूचना दी गई थी, वहां पर चेकिंग शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि बम डिस्पोजल स्क्वॉड, ए एस चेक टीम व डॉग स्क्वॉड के माध्यम से सभी स्कूलों में चेकिंग सुनिश्चित की गई। पुलिस टीमों द्वारा लगातार गहन चेकिंग की गई, तथा कहीं पर भी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। उन्होने बताया कि संपूर्ण सतर्कता बरतते हुए पूर्ण गंभीरता के साथ ई-मेल के संबंध में साइबर टीम द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा की स्थिति पूर्णतः सामान्य है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की परीक्षा दे रहे किसी भी छात्र को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सूचना फर्जी थी।