Greater Noida News : 21वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत

Oct 13, 2026 - 23:20
Greater Noida News : 21वीं मंजिल से गिरकर  युवक की मौत
Symbolic Image

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन सोसाइटी में आज शाम को 21वीं मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि सोसाइटी में 31 वर्षीय हर्षित लवानिया किराये के फ्लैट में अकेले रहते थे। हर्षित का उनकी पत्नी से कुछ विवाद चल रहा था, जिसके चलते पिछले करीब छह महीने से उनकी पत्नी उनसे अलग रह रही थी। बताया जा रहा है कि हर्षित की पत्नी आज शाम अचानक उनके फ्लैट पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया।

हर्षित फ्लैट में अंदर मौजूद थे, उन्हें लगा की पत्नी बाहर आ गई है तो उन्होंने अंदर न होने का नाटक किया और दरवाजा नहीं खोला। हर्षित की पत्नी सुरक्षाकर्मियों को बुलाकर लाई और दरवाजा तुड़वाने लगी। इसके बाद वह फ्लैट की बालकनी से बाहर निकले और नीचे वाली मंजिल के फ्लैट से उतरकर बाहर की तरफ जाने की कोशिश करने लगे। इसी बीच अचानक उनका पैर फिसल गया और नीचे गिर गए। सोसाइटी के लोग गंभीर रूप से घायल हर्षित को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हर्षित की पत्नी से भी बातचीत की जा रही है। पूरे मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।