Greater Noida News : ड्रग्स तस्करी के आरोप में विदेशी महिला सहित दो गिरफ्तार, 90 लाख रुपए कीमत का एमडीएमए बरामद

Oct 19, 2026 - 23:44
Greater Noida News : ड्रग्स तस्करी के आरोप में विदेशी महिला सहित दो गिरफ्तार, 90 लाख रुपए कीमत का एमडीएमए बरामद
एमडीएमए के साथ गिरफ्तार विदेशी नागरिक

Greater Noida News : नोएडा पुलिस और आगरा जोन की एएनटीएफ की टीम ने सोमवार को नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन के पास से ड्रग्स तस्करी के आरोप में एक विदेशी महिला समेत दो लोगो को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 920 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स और एक स्कूटी बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ड्रग्स की कीमत 90 लाख रुपये आंकी गई है। 

DCP Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए घाना निवासी उसुलोर और उज्बेकिस्तान निवासी लायलो शरजाय को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी दिल्ली से एमडीएमए ड्रग्स खरीदते थे। इसके बाद दिल्ली एनसीआर समेत आगरा क्षेत्र में सप्लाई करते थे। पुलिस को पकड़े गए विदेशी नागरिकों से वीजा या पासपोर्ट नहीं मिला है। पुलिस उनके भारत पहुंचने के बारे में जानकारी जुटा रही है। एलआईयू की टीम भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

डीसीपी ने बताया कि घाना का रहने वाला कलिस्टो इस गिरोह का मुख्य सरगना है। वह दिल्ली में एमडीएमए ड्रग्स तैयार करता है। उसुलोर और लायलो शरजाय मिलकर ड्रग्स की सप्लाई करते हैं। यह गिरोह बीते काफी दिनों से सक्रिय था। गिरोह के सरगना कलिस्टो की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस उज्बेकिस्तान निवासी लायलो शरजाय से पूछताछ कर रही है। इस विदेशी महिला के खिलाफ पूर्व में दो मुकदमे दर्ज हैं। वह आगरा क्षेत्र में ड्रग्स की सप्लाई करती थी। यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का कोई सदस्य सैक्स रैकेट से तो नहीं जुड़ा। दरअसल विदेशी पयर्टकों को ड्रग्स सप्लाई करने की भी जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।