Greater Noida News : तीन वर्षीय बच्चा सोसाइटी के बारहवें फ्लोर की बालकनी से नीचे गिरा, मौत
Greater Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाला 3 वर्षीय बच्चा 12वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसकी मां उसे फ्लैट पर छोड़कर दूसरे बच्चे को ट्यूशन से लेने के लिए सोसाइटी के अंदर ही गई थी।
Police Station Bisrakh Greater Noida News : थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि बीती रात को एक निजी अस्पताल से सूचना मिली कि गौर सिटी वन के सेवन एवेन्यू सोसायटी के एक फ्लैट में रहने वाला 3 वर्षीय बच्चा 12वीं मंजिल की बालकनी से खेलते समय नीचे गिर गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के समय बच्चे की मां अपने दूसरे बच्चे को ट्यूशन से लेने के लिए गई थी। 3 वर्षीय बच्चा घर पर अकेला था, तथा वह बालकनी में खेल रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना से सोसाइटी के अंदर हड़कंप मचा हुआ है। लोगों का कहना है कि फ्लैट की बालकनी के बीच में लगी रेलिंग में आपस मे इतना गैप है कि कोई भी बच्चा खेलते हुए नीचे गिर सकता है। इस घटना को लेकर लोगों ने बिल्डर के प्रति रोष जताया हैं।

