Greater Noida News : गार्ड से बदसलूकी करने वाली युवती गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी वीडियो
Greater Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र की ग्रेटर सेंचुरियन पार्क टेरेस होम सोसाइटी में खाना डिलीवरी को लेकर युवती और सुरक्षा गार्ड के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब पांच मिनट के वीडियो में युवती गार्ड से जमकर गाली-गलौज करती नजर आ रही है। घटना की रिपोर्ट दर्ज पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि युवती ने गार्ड को धमकाने के साथ ही उसके साथ हाथापाई की और पैर मारने की कोशिश भी की। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने नोएडा पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग की। अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आज आरोपी प्रियंका पुत्री सतीश को गिरफ्तार कर लिया है। युवती के इस कृत्य को लोग सभ्य समाज के लिए कलंक बता रहे हैं।
वायरल वीडियो में सोसाइटी के गेट पर एक युवती और सुरक्षा गार्ड के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वह तेज आवाज में गार्ड को लगातार अपशब्द कहती नजर आती है। वह गार्ड को अपने फ्लैट का नंबर भी बताती है और उससे दूर रहने की बात कहती है। वीडियो में युवती गार्ड को जान से मारने की धमकी देते हुए भी नजर आती है।
वायरल वीडियो में वह गार्ड से कहती नजर आ रही है कि वह उसे मार देगी और पुलिस के अधिकारियों को बुलाने की धमकी देती है। वह कथित तौर पर गार्ड को उसकी औकात में रहने और गरीब की औलाद जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली देती है। महिला कहती है कि तेरी कोई औकात नहीं है मेरे आगे, तुझसे जूता साफ कराऊंगी।
वह गार्ड को दोबारा पंगा लेने पर परिणाम भुगतने की धमकी भी देती नजर आती है। इसी दौरान युवती गार्ड पर हाथ चलाती है और पैर मारने के अंदाज में आगे बढ़ती दिखाई देती है। उसकी इस हरकत का कोई व्यक्ति वीडियो बना रहा था।
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की ओर से लगातार रिकॉर्डिंग किए जाने के बावजूद वह बिना रुके गार्ड से विवाद करती रही।
अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना 26 अगस्त 2026 की रात थाना बिसरख क्षेत्र की सेंचुरियन टेरेस होम सोसाइटी में हुई। उनके मुताबिक महिला ने ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया था। खाना लेकर डिलीवरी ब्वॉय सोसाइटी में पहुंचा तो गार्ड ने उसे रोक दिया। इसी बात को लेकर युवती नाराज हो गई और उसने सोसाइटी के गेट पर हंगामा किया।

