Greater Noida News : भंडारे के दौरान 4 वर्षीय बच्चा तालाब में गिरा, मौत
Greater Noida News : थाना दनकौर क्षेत्र के दलेलगढ़ गांव में बीती रात को आयोजित एक भंडारे के दौरान एक चार वर्षीय बच्चा तालाब में गिर गया। पानी मे डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। ग्रामीणों ने यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
Police Station Dankaur Greater Noida News : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना दनकौर क्षेत्र के दलेलगढ़ गांव में स्थित डालेश्वर मंदिर पर 14 फरवरी की रात को भंडारे का आयोजन किया जा रहा था। इस दौरान एक बच्चा गुड्डू उम्र 4 वर्ष पुत्र राकेश निवासी सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर अपनी मां के साथ अपनी ननिहाल ग्राम दलेलगढ़ में उक्त आयोजन में सम्मिलित होने आया था। भंडारे के दौरान बच्चे की मां हवन पूजा में व्यस्त थी। बालक खेलते खेलते मंदिर परिसर स्थित तालाब में गिर गया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों द्वारा बच्चे को तालाब से निकाल कर उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। परिजनों द्वारा बच्चे का पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया।

