Ghaziabad News : सात वर्षीय बच्ची का शव निर्माणाधीन मॉल के पास मिला, बलात्कार के बाद हत्या की आशंका
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में निर्माणाधीन एक मॉल के नजदीक सात वर्षीय बच्ची का शव लहूलुहान हालत में आज मिला है। बच्ची के सिर और मुंह पर पत्थर से वार करके हत्या की गई है। बच्ची की पहचान हो गई है।
पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि बच्ची निर्माणाधीन मॉल में काम करने वाले एक मजदूर परिवार की है। परिजनों के मुताबिक वह झुग्गी में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे बच्ची अपने बिछौने पर नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची का अपहरण कर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। करतूत का पर्दाफाश होने के डर से बच्ची के सिर पर वार कर हत्या कर दी गई है।
डीसीपी ने बताया कि बच्ची का शव बरामद हुआ है, सिर पर पत्थर से प्रहार किए गए है। शव मेडिकल परीक्षण को भेज दिया गया है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के चलते लोगों में दहशत का माहौल है। बच्ची के परिजनों में मांग की है कि इस घटना को अंजाम देने वाले के खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

