Noida News : सेक्टर 18 की मल्टी लेवल पार्किंग की छत पर थार से स्टंट करने वाले दो गिरफ्तार

Oct 16, 2026 - 23:05
Noida News : सेक्टर 18 की मल्टी लेवल पार्किंग की छत पर थार से स्टंट करने वाले दो गिरफ्तार
जाली करेंसी के साथ गिरफ्तार आरोपियों की फोटो

Noida News : सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून किस तरह जोखिम में बदल सकता है, इसकी बानगी सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर देखने को मिली। सात मंजिला पार्किंग की सबसे ऊपरी छत पर थार दौड़ाने का वीडियो आज वायरल हो रहा है। 57 सेकंड के इस वीडियो में कार को छत पर चलाते देखा जा सकता है। वीडियो में एक युवक थार के ऊपर चढ़ा नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति इस घटना पर हैरानी जताते हुए दिखाई दे रहा है। उसका कहना है कि वह अपने केबिन से नीचे की ओर देख रहा था, तभी उसकी नजर पार्किंग की छत पर घूमती थार पर पड़ी। उसने दावा किया कि कार करीब दो से तीन घंटे तक वहां गोल-गोल घूमती रही। यह सब सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा था। वीडियो में व्यक्ति रील बनाने के लिए इस तरह का जोखिम उठाने वालों पर तंज कसता सुनाई दे रहा है। वह कहता है कि रील बनाने का जुनून किसी रोग से कम नहीं है। उसका सवाल है कि क्या थार जैसी गाड़ी इसी तरह वीडियो बनाने के लिए खरीदी जाती है। उसने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। यूजर ने वीडियो में नोएडा पुलिस के अधिकारियों को टैग कर स्टंट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। 

थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग की छत पर काले रंग की थार चलाकर स्टंटबाजी करने वाले अभिषेक त्रिपाठी और जतिन कुमार को आज शाम को गिरफ्तार कर लिया है। अभिषेक दिल्ली के गाजीपुर और जतिन मंडावली का रहने वाला है। दोनों की उम्र 23-23 साल है। पुलिस ने थार को भी एमवी एक्ट के तहत जब्त कर लिया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो गुरुवार की है, जो शुक्रवार को वायरल हुई। अभिषेक थार का मालिक है और वाहन के छत पर स्टंट करने वाला जतिन है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि रील के चक्कर में उन्होंने स्टंट किया था।