Noida News : नोएडा में आवागमन होगा सुगम, जून माह से चलेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें

May 27, 2026 - 13:25
Noida News : नोएडा में आवागमन होगा सुगम, जून माह से चलेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें
Symbolic Image

Noida News : नोएडा के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने जून महीने से शहर में ई-बसें चलाने की तैयारी की है। ऐसा दावा है कि करीब दो सप्ताह में ट्रायल के तौर पर बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। इन बसों का न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 30 रुपये होगा।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि पहले 100 ई-बसें चलाने की तैयारी है। 15 जून से जेवर एयरपोर्ट से फ्लाइटों के उड़ाने भरने के साथ ही अधिकांश ई-बसों को चलाना शुरू कर दिया जाएगा। इनमें 10 डबल डेकर बसें होंगी, जबकि बाकी 90 बसें नौ और 12 मीटर की होंगी। डबल डेकर बसें बॉटेनिकल गार्डन से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए परी चौक तक चलेंगी। इन बसों का रूट दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और जेवर एयरपोर्ट तक होगा। इन बसों के लिए मासिक पास कितने रुपये का होगा, इस पर अभी अधिकारियों के बीच विचार-विमर्श चल रहा है।अधिकारियों ने बताया कि इन बसों में टिकट बुक करने के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। यात्री बस में चढ़कर भी कंडक्टर से टिकट ले सकेंगे। इन बसों के रूट फाइनल कर लिए गए हैं। सभी रूटों पर 15-15 मिनट के अंतराल पर बसें मिलेंगी। वहीं, 5 बसों को स्टैंडबाय पर रखा जाएगा।

इस बारे में नोएडा विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह का कहना है कि इसी सप्ताह यूपी रोडवेज निगम से एमओयू की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद जून के पहले सप्ताह से कुछ रूटों पर ट्रायल के तौर पर बसें चलाई जाएंगी। 15 जून से कुछ रूट पर बसें सुचारू रूप से चलानी शुरू कर दी जाएंगी।अधिकारियों का कहना है कि जिन रूट पर ये ई-बसें चलाई जाएंगी, वहां से ई-रिक्शा को हटाया जाएगा। इससे लोग बसों में ही सफर करेंगे। सेक्टर-90 बस डिपो में 20 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, जिसमें 50 बसों को चार्ज करने की व्यवस्था होगी। बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड पर चार वैकल्पिक चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था की जाएगी।