Noida News : इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग से लगी आग, धुएं की चपेट में आकर महिला समेत दो की मौत
Noida News : थाना फेस- 3 क्षेत्र के मामूरा गांव के गली नंबर -2 में बुधवार दोपहर को इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज के दौरान स्पार्क होने से अचानक आग लग गई। इस घटना के चलते उक्त वाहन और आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों में आग फैल गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में उक्त कॉम्प्लेक्स में रहने वाले 50 परिवार के लोगों को पुलिस और फायर ब्रिगेड रेस्क्यू करके बाहर निकाला। धुएं के चलते मूर्छित हुए दो लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया।
CFO Noida : मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि बुधवार दोपहर को फायर ब्रिगेड को सूचना मिली कि मामूरा गांव के गली नंबर- 2 के जी-4 बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में एक इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी चार्ज पर लगा था। इसी बीच स्पार्क होने के चलते वाहन में आग लग गई। उक्त आग ने आसपास खड़े अन्य पेट्रोल वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपने चपेट में ले लिया।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। परिसर के अंदर 50 परिवार रहते थे। जिन्हें रेसक्यू करके बाहर निकला गया। उन्होंने बताया कि धुएं से दो लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ गया था, जिन्हें एंबुलेंस द्वारा अस्पताल भिजवाया गया। वहां पर एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि थाना फेस -3 पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों को इस मामले में हिरासत में लिया गया है। इस घटना के चलते मामूरा गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। जहां पर आग लगी है, वह घनी आबादी है। लोग इधर-उधर भागते हुए नजर आए।

