Noida News : स्टांप शुल्क चोरी करने वाले 53 लोगों के खिलाफ नोटिस जारी
Noida News : गौतम बुद्ध नगर के निबंधन विभाग ने स्टाम्प शुल्क की चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जनवरी महीने में हुई जमीनों की रजिस्ट्री की जांच में सामने आया कि तेज 53 संपत्ति खरीदने वालों ने करीब 2 करोड रुपए के राजस्व का नुकसान पहुंचाया है। इसके बाद विभाग ने 53 संपत्ति खरीदारों को नोटिस जारी किया है। विभाग की जांच में दस्तावेज में हेरा फेरी और मिली भगत सामने आई है।
विभाग के अधिकारियों ने जब जमीनों और निर्मित भवनों के मौके पर निरीक्षण किया तो कागजों में क्षेत्रफल और वास्तविक क्षेत्रफल में काफी अंतर मिला। स्टाम्प ड्यूटी बचाने के उद्देश्य कई संपत्तियों का क्षेत्रफल कम दर्शाया गया। इतना ही नहीं कुछ मामले में व्यावसायिक संपत्ति को रिहाइशी बताकर रजिस्ट्री कराई गई।
सहायक महानिरीक्षक स्टांप प्रथम अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि संपत्ति खरीदारों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है। यदि वे स्टाम्प शुल्क जमा नहीं कराते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जारी नोटिस में साफ कहा गया है कि बकाया स्टाम्प शुल्क के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा। निबंधन विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय पर भुगतान करें नहीं तो संबंधित की संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन को आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) भी जारी की जाएगी।

