Noida News : हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग, बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज की निंदा
Noida News : जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है। ज्ञापन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी (बौड़ाकी) एडवोकेट और सचिव शोभाराम चंदीला एडवोकेट की ओर से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को लेकर अधिवक्ता लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं और यह आंदोलन लगभग 40 वर्षों से जारी है। बार एसोसिएशन ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों वादकारियों को न्यायिक कार्यों के लिए लखनऊ जाना पड़ता है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई अधिवक्ता घायल हुए। ज्ञापन में इस घटना पर विरोध दर्ज कराते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री से चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना, लाठीचार्ज के दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई, घायल अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना तथा जिन अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े गए हैं, उनके लिए नए चैंबर उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। ज्ञापन पर अध्यक्ष मनोज भाटी और सचिव शोभाराम चंदीला के हस्ताक्षर भी अंकित हैं।

