Noida News : अमेरिका व कैरेबियन देश के सिविल सेवकों ने गौतमबुद्ध नगर के प्रशासनिक ढांचे का किया अध्ययन

Sep 10, 2024 - 16:50
Sep 10, 2024 - 17:28
Noida News : अमेरिका व कैरेबियन देश के सिविल सेवकों ने गौतमबुद्ध नगर के प्रशासनिक ढांचे का किया अध्ययन

Noida News : लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन देशों के सिविल सेवकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जनपद गौतमबुद्ध नगर का भ्रमण किया। इस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक ढांचे की कार्य प्रणाली, योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।

 केंद्र, राज्य एवं गौतमबुद्ध नगर जिले की प्रशासनिक ढांचे की कार्य प्रणाली, योजना एवं कार्यक्रमों की गहन जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से एसोसिएट प्रोफेसर नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस नई दिल्ली डा. हिमांशी रस्तोगी एवं डॉ मुकेश भंडारी के नेतृत्व में लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन देशों के सिविल सेवकों के 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज जनपद का भ्रमण किया। दोनों देशों के सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल का जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में आगमन पर डीएम मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा स्वागत किया गया।

Noida News : 

इस दौरान दोनों देशों के सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल के बीच प्रदेश एवं जनपद के प्रशासनिक ढांचे की कार्यप्रणाली, योजनाओं एवं कार्यक्रमों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिसमें डीएम ने सिविल सेवकों को प्रदेश एवं जनपद के प्रशासनिक ढांचे की कार्य प्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया कि जनपद गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश का शो विंडो कहा जाने वाला जनपद है, जो कि अपनी औद्योगिक उपलब्धियां को लेकर विश्व विख्यात है।

जनपद में तीन प्राधिकरण नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण तथा तीन तहसील सदर, जेवर एवं दादरी है। जनपद में प्रशासनिक कार्यों के क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, न्यायिक, वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के पदों का सृजन किया गया है, जिनके पास मजिस्ट्रेट अधिकार होते हैं। उन्होंने बताया कि विकास विभाग के लिए जनपद में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी की तैनाती होती है। सिविल सेवकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में वर्कशॉप संपन्न होने के बाद दोनों देशों के सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल को जिलाधिकारी के द्वारा पुलिस कमिश्नरेट सेक्टर-108 नोएडा तथा साइबर सुरक्षा सेल के भ्रमण के लिए रवाना किया गया। पुलिस कमिश्नरेट पहुंचकर उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट के कार्य प्रणाली एवं साइबर सुरक्षा सेल किस प्रकार से कार्य करता है इसकी गहन जानकारी प्राप्त की।