Greater Noida News : पुरानी रंजिश को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या
Greater Noida News : थाना ईकोटेक- प्रथम क्षेत्र के लुक़सर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने एक युवक के ऊपर मंगलवार को गोली चला दी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 24 फरवरी को ग्राम लुक्सर में रहने वाले नितिन के ऊपर गांव के रहने वाले सचिन और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट करते हुए गोली चला दी। उन्होंने बताया कि नितिन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। वीडियो में देखा जा रहा है कि एक युवक को कुछ लोग घेरकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं, तथा उसपर गोली चला रहे हैं। जिस युवक पर गोली चलाई गई उसके परिवार की एक महिला उसे बचाने के लिए जब आगे आ रही है तो उसके ऊपर भी फायर किया गया। महिला ने शोर मचाया तो बदमाश युवक को घायल अवस्था में छोड़कर वहां से चले गए।

