Greater Noida News : मां के ऊपर बेटे ने चाकू से किया हमला, फिर पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर दे दी जान
Greater Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र मे स्थित राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई। मां के साथ कहासुनी के बाद एक युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया और फिर पांचवीं मंजिल से नीचे कूद गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस उपायुक्त पुलिस आयुक्त श्रीमती स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सागर यादव (21) पुत्र अनिल यादव मूलरूप से गांव पतवाड़ी का निवासी था और वर्तमान में अपने परिवार के साथ राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर-1 में फ्लैट नंबर 1804 में रहता था। शनिवार को किसी बात को लेकर उसकी अपनी मां से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान सागर ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उन्हें मामूली चोट आई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सागर मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था। घटना के दौरान वह अपने फ्लैट से निकलकर नीचे आया और पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की मां का भी प्राथमिक उपचार कराया गया है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान रहता था। घटना के समय उसकी मां से घरेलू विवाद के कारण कहासुनी हुई थी। इसके बाद युवक ने अपनी मां को घर में सब्जी बनाने के लिए रखे चाकू से वार कर दिया। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के बाद उठाए गए आत्मघाती कदम का प्रतीत हो रहा है।

