Greater Noida News : थाना जारचा पुलिस ने बुधवार तड़के एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। यह गैग बनाकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में चोरी की वारदातें करता है। इसके गैंग में चार लोग शामिल हैं।
Greater Noida News :
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि थाना जारचा पुलिस तेल मिल के पास खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर आज तड़के चेकिंग कर रही थी, तभी सामने से एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। उन्होंने बताया कि पीछा करके पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। अपर उपायुक्त ने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सागर पुत्र ओमी निवासी सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर उम्र 23 वर्ष के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा और कारतूस तथा लाल रंग की मोटरसाइकिल बरामद किया है।
अपर उपायुक्त ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अपने गैंग के लोगों के साथ मिलकर चोरी की वारदातें करता है। इसके गैंग में पिंटू, सोनू ,राजेंद्र आदि शामिल है। इस गैंग का सरगना पिंटू है। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ थाना जारचा के तत्कालीन प्रभारी सुनील कुमार ने 28 मार्च वर्ष 2024 को गैंगस्टर एक्ट का तहत मुकदमा दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के खिलाफ पूर्व में दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज है।