Greater Noida News : मिलावटी मसाला बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, मालिक गिरफ्तार
Greater Noida News : सब्जियों के मिलावटी मसाला बनाने वाली एक फैक्ट्री का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने बीती रात को खुलासा किया है। इस मामले में फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार किया गया है। मौके से लाखों रुपए कीमत के बने हुए अपमिश्रित मसाले बरामद हुए हैं।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि बीती रात को खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर सिंह और थाना बिसरख पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इटैड़ा गांव में छापेमारी की। उन्होंने बताया कि वहां पर एक फैक्ट्री चलाई जा रही थी, जिसमें मिलावटी मसाले बनाए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मौके से धर्मेंद्र इंडस्ट्री के मालिक धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि ये लोग हल्दी, धनिया, मिर्च आदि के मसाले भूसी, लकड़ी का बुरादा आदि डालकर करके बनाते हैं। उसमें केमिकल, रंग आदि का प्रयोग कर उसको असली जैसा बनाते हैं। उन्होंने बताया कि मौके से पुलिस ने लाखों रुपए कीमत के बने हुए मसाले, उसमें बनाने में प्रयोग होने वाले सामग्री, मशीन आदि बरामद किया है। इनके खिलाफ थाना बिसरख में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि लोग नकली मिलावटी मसाला बनाकर एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में बेचते हैं।

