Ghaziabad News : सूर्या हत्याकांड मामले में परिवार के एक सदस्य को जिला प्रशासनी ने दी नौकरी
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बकरीद के दिन हुई 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के बाद जिला प्रशासन ने परिवार की मदद करते हुए परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का वादा किया था, जिसे पूरा करते हुए स्थानीय प्रशासन ने मंगलवार को परिवार के एक सदस्य को नगर पालिका खोड़ा-मकनपुर में नियुक्ति के लिए पत्र सौंप दिया।
यह नियुक्ति पत्र खुद डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने पीड़ित परिवार के घर पर पहुंचकर परिवार के सदस्य को सौंपा। इस मौके पर स्थानीय पुलिस कमिश्नर भी मौजूद रहे।
इस बारे में जारी किए गए नियुक्ति पत्र में बताया गया कि जिलाधिकारी महोदय गाजियाबाद के आदेश के अनुसार नवनीत विहार के मकान नंबर आरसी 945 में रहने वाले कौशलेंद्र सिंह चौहान के परिवार के किसी एक सदस्य को आउटसोर्स फर्म के माध्यम से नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर गाजियाबाद के सफाई विभाग में 'सफाई सुपरवाइजर' के पद पर नियुक्त किया जाता है। यह नियुक्ति पत्र नगर विकास विभाग की ओर से जारी किया गया।
उधर इससे एक दिन पहले स्थानीय प्रशासन ने सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नोटिस में अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई है और ऐसा नहीं करने पर अतिक्रमण हटाओ के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) द्वारा जारी नोटिस खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार स्थित असद के घर के मुख्य दरवाजे पर चस्पा किया गया। एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि तहसीलदार और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तहसील प्रशासन की टीम ने यह कार्रवाई की।

