Noida News : थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में करीब डेढ़ माह पूर्व ऑटो पलटने से घायल हुए चार यात्रियों में से एक यात्री ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के साले ने अज्ञात ऑटो चालक पर लापरवाही से चलाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
Noida News :
जनपद गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी निवासी लवकुश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके बहनोई बिहार के जिला पटना निवासी बबलू कुमार भी खोड़ा कॉलोनी में रहते हैं। 27 जनवरी की सुबह करीब आठ बजे वह साथी के साथ ऑटो में बैठकर परी चौक जा रहे थे। जब ऑटो सेक्टर-63 क्षेत्र में हल्दीराम चौक के पास पहुंचा तो चालक ने लापरवाही से चलाया। इसके चलते ऑटो पलट गया। इस हादसे में उनके बहनोई ऑटो के नीचे दब गए। उनके अलावा ऑटो में सवार अन्य सवारी रविराज, मोनू और अखिलेश को भी गंभीर चोट आईं। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उनके बहनोई कोई दिल्ली रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पीड़ित ने ऑटो चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह का कहना है कि अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।