Noida News : पुलिस मुठभेड़ में प्रेमिका की मां की हत्या करने वाला सिरफिरा गिरफ्तार

May 25, 2026 - 23:34
Noida News : पुलिस मुठभेड़ में प्रेमिका की मां की हत्या करने वाला सिरफिरा  गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में प्रेमिका की मां की हत्या करने वाला सिरफिरा गिरफ्तार

Noida News : थाना फेस- 1 पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। इसके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त छुरा, देशी तमंचा, कारतूस, चोरी की स्कूटी बरामद किया है। इसके खिलाफ पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

 अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) श्रीमती मनीषा सिंह ने बताया कि हरौला गांव में रहने वाले सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी तथा उनकी दो पुत्रियों के ऊपर 24 मई की देर रात को हरनाम सिंह पुत्र माखनलाल निवासी जनपद बरेली ने जान से मारने की नीयत से छुरा से ताबड़तोड़ हमला किया। चारों को गंभीर हालत में उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने श्रीमती संजू देवी की मृत घोषित कर दिया, जबकि सुरेंद्र शर्मा और उनकी दो बेटियों का उपचार नोएडा अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपी हरनाम सिंह की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

Police Station Phase 1 Noida News : उन्होंने बताया कि सोमवार की रात को पुलिस को पता चला कि आरोपी सेक्टर 14 के गंदे नाले के पास से स्कूटी पर सवार होकर जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद स्कूटी पर सवार होकर आरोपी आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली हरनाम के पैर में लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि हरनाम पीड़ित सुरेंद्र की एक बेटी से एक तरफा प्रेम करता था। उसने शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे सुरेंद्र और उनकी पत्नी संजू देवी ने साफ मना कर दिया था। इस बात से वह आक्रोशित था।