Noida News : युवती की हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास

Oct 17, 2026 - 23:14
Noida News : युवती की हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास
Symbolic Image

Noida News : अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आशीष कुमार चौरसिया की अदालत ने सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में हुई एक युवती की हत्या के मामले में दोषी चमन चौहान उर्फ अर्जुन सिंह को आज आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने उस पर एक लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना न देने पर एक वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। 

एडीजीसी अपराध नितिन कुमार त्यागी ने बताया कि मामला 20 अक्तूबर 2021 का है। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला में ट्रांसपोर्टर कालू सिंह चौहान परिवार के साथ रहते थे। वह पत्नी और बेटे के साथ पैतृक गांव छलेरा गए थे। घर पर उनकी 28 वर्षीय बेटी पिंकी अकेली थी। रात करीब 10 बजे परिवार के लौटने पर दरवाजा नहीं खुला। दूसरी चाबी से दरवाजा खोलने पर बेडरूम में पिंकी खून से लथपथ मृत मिली। घर की अलमारी से नकदी, जेवर, चांदी का सामान गायब था। सूरजपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को पिंकी के रिश्तेदार चमन चौहान पर शक हुआ। वह मृतका की चचेरी भाभी का भाई था और उसका घर में आना-जाना था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने उसके खिलाफ कोर्ट मे चार्जशीट दायर की।

 पुलिस ने हत्या और लूट की धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया। अभियोजन का मामला प्रत्यक्षदर्शी के बजाय परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित था। बचाव पक्ष ने एफआईआर में 18 घंटे की देरी, फिंगरप्रिंट नहीं लिए जाने और ताला नहीं टूटने का तर्क दिया, लेकिन अदालत ने इन्हें स्वीकार नहीं किया। अदालत ने आरोपी को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।