Noida News : अभिभावकों को जागरूक करेगा बेसिक शिक्षा विभाग
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में अभिभावकों को जागरूक करेगा। विभाग ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) की राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी शुरू की है। अभिभावकों को जागरूक करने के लिए स्कूलों में होने वाली पैरंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) के जरिए डीबीटी राशि के सही इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। स्कूल प्रबंधन समितियां स्कूल स्तर पर निगरानी करेंगी। परिषदीय स्कूलों के छात्रों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, और स्वेटर के लिए डीबीटी के तहत 1200 रुपये दिए जाते हैं। अब इसकी सीधी निगरानी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और स्कूल के प्रधानाध्यापक करेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी भी अपने क्षेत्र के स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे। विभाग के सामने ऐसे कई मामले आए हैं, जहां डीबीटी के तहत रुपये अभिभावकों के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद बच्चे बिना यूनिफॉर्म, फटे बैग या बिना जूते-मोजे के ही स्कूल आ रहे हैं। ग्राउंड फीडबैक और औचक निरीक्षणों में यह बात सामने आई है कि कई अभिभावक बच्चों की शिक्षा और सामग्री के लिए आई इस राशि अन्य जरूरतों के लिए इस्तेमाल कर लेते हैं। ऐसे में बजट जारी होने के बाद भी बच्चों को इसका लाभ नहीं मिल रहा। यही वजह है कि जागरूकता की कवायद की जा रही है। जनपद गौतम बुद्ध नगर के बीएसए राहुल पंवार ने आज बताया कि इसके लिए शिक्षकों को अभिभावकों के साथ होने वाली बैठक में जागरूक करने के लिए निर्देशित किया गया है।

