Jewar News : सोशल मीडिया पर वीडियो देख रही महिला को घर वालों ने बताया काम, जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या
Jewar News : थाना जेवर क्षेत्र के थोरा गांव में रहने वाली एक 28 वर्षीय महिला ने अपने घर पर सल्फास खा लिया। अत्यंत गंभीर हालत मे उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों के अनुसार बारिश के वजह से उनके घर में कीचड़ हो गया था। वह सोशल मीडिया पर वीडियो देख रही थी। जब घर वालों ने कीचड़ साफ करने के लिए कहा तो उन्होंने खुद को अपमानित महसूस किया तथा जहरीला पदार्थ खा लिया।
थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि श्रीमती पिंकी पत्नी जॉनी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम थोरा ने बीती रात को अपने घर पर सल्फास की गोलियां खा ली। जब उनके परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने उन्हें जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
वहीं मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों के अनुसार वह कल रात को घर मे बैठकर सोशल मीडिया पर वीडियो देख रही थी। वर्षा के चलते घर में कीचड़ हो गया था। उन्हें साफ करने के लिए कहा गया तो वह आक्रोशित हो गई तथा उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

