Greater Noida News : पुलिस मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार ,2 के पैर मे लगी गोली
Greater Noida News : थाना सूरजपुर पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दो बदमाशों को लगी है। इनके पास से पुलिस ने एक सोसाइटी में रहने वाली महिला समेत दो लोगों के घर से लूटे गए सोने चांदी के जेवरात, नगदी आदि बरामद की है।
अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने आज दोपहर को एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस आज बैरियर लगाकर सूरजपुर वेस्टलैंड के पास चेकिंग कर रही थी, तभी कुछ बदमाश कार मे सवार होकर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने रुकने की बजाय पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली वीरपाल पुत्र होरीलाल उम्र 25 वर्ष तथा विजयपाल पुत्र कृष्णपाल उम्र 21 वर्ष के पैर में लगी है।
उन्होंने बताया कि इनके दो साथी अर्जुन कश्यप और अवधेश मौके से भाग गए थे, जिन्हें पीछा करके पुलिस ने पकड़ लिया है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध हथियार, घटना में प्रयुक्त कार ,एक महिला के घर से लूटे हुए लाखों रुपए कीमत के सोने चांदी के जेवरात, 14 हजार 275 रूपए नगद ,विदेशी करेंसी आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे लोग ऑनलाइन बुकिंग एप के माध्यम से टैक्सी चलाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि एक सुनिश्चित तरीके से आरोपियों ने चार जुलाई की रात्रि को पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में स्थित एक घर को निशाना बनाया। घटना के दौरान वीरपाल एवं अवधेश सोसाइटी की दीवार फांदकर अंदर गए ,जबकि विजयपाल एवं अर्जुन अपनी कार तथा झाड़ियां की आड़ में सोसाइटी के बाहर रहकर आने जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे थे।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त वीरपाल ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह एक मकान में घुसा। जबकि अवधेश बाहर निगरानी कर रहा था। मकान के प्रथम मंजिल पर महिला अपने बच्चों के साथ सो रही थी। महिला के जग जाने पर उसे डरा धमका कर गहने, नगदी तथा एक बैग लूट लिया। अभिक्तों ने पुलिस को बताया कि उस रात उन्होंने सोसाइटी के एक अन्य मकान का दरवाजा तोड़कर भी चोरी की, जहां से एक बैग, विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा, भारतीय रुपए तथा दो घड़िया मिली थी। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

