Noida News : पश्चिम बंगाल से अगवा छात्रा नोएडा से बरामद, आरोपी गिरफ्तार
Noida News : जिले की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) यूनिट ने मिशन मुक्ति फाउंडेशन और पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर दिनाजपुर जिले से अगवा की गई 15 वर्षीय किशोरी को सकुशल मुक्त कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पश्चिम बंगाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
एसीपी महिला सुरक्षा दीक्षा सिंह ने बताया कि बीते थाना एएचटी और मिशन मुक्ति फाउंडेशन को सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के हरिरामपुर थाना क्षेत्र से अपहृत एक नाबालिग लड़की को नोएडा में रखा गया है। इस संबंध में पश्चिम बंगाल के हरिरामपुर थाने में मुकदमा दर्ज है। सूचना मिलने के बाद थाना एएचटी, मिशन मुक्ति फाउंडेशन और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंची। वहां स्थानीय लोगों को किशोरी की तस्वीर दिखाकर जानकारी जुटाई गई। लोगों ने बताया कि यह लड़की एक व्यक्ति के साथ इलाके में रह रही है और एक सोसाइटी में सफाई का काम करती है। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित सोसाइटी में पहुंचकर किशोरी और आरोपी को तलाश लिया। दोनों वहां काम करते मिले। टीम ने महिला आयोग के दिशा-निर्देशों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए किशोरी को सुरक्षित रेस्क्यू किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया और उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) गौतमबुद्ध नगर के समक्ष पेश किया। बाद में उसे पश्चिम बंगाल पुलिस के संरक्षण में सौंप दिया गया। वहीं, पश्चिम बंगाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अपने साथ ले गई, जहां उसे संबंधित न्यायालय में पेश किया जाएगा।

