Greater Noida News : पुलिस मुठभेड़ में चार शातिर बदमाश गिरफ्तार,2 के पैर में लगी गोली

Jun 5, 2026 - 20:07
Greater Noida News : पुलिस मुठभेड़ में चार शातिर बदमाश गिरफ्तार,2 के पैर में लगी गोली

Greater Noida News : थाना सूरजपुर पुलिस ने बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दो बदमाशों के पैर में लगी है। जबकि उनके दो साथियों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है।आरोपियों के कब्जे से करीब 51 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 1.25 लाख रुपये कीमत की चांदी, 11 लाख 27 हजार रुपये नकद, दो बाइक और चार अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। इस गिरोह को बंद घरों की सूचनाएं बाइक कैब चालक देता था।

Deputy Commissioner of Police : पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घायल बदमाशों की पहचान वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज घायल के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी। वहीं उनके दो साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा गया है। डीसीपी ने बताया कि शुक्रवार को मोजर बियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दो बदमाशों को लगी है। दो बदमाश मौके से भाग गए थे उन्हें कांबिंग के दौरान पकड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सदस्य भोले उर्फ भोला पेशे से रैपिडो चालक है। वह नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न सोसाइटियों में सवारी के बहाने आता-जाता था और बंद पड़े मकानों की जानकारी जुटाता था। आरोपी विशेष रूप से उन मकानों को निशाना बनाते थे जिनके मालिक लंबे समय से बाहर रहते थे या घर बंद होता था। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में हाल के वर्षों में हुई कई बड़ी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने इनके कब्जे से बरामद माल के आधार पर तीन प्रमुख मामलों का खुलासा किया है। पहला मामला थाना सूरजपुर क्षेत्र की पैरामाउंट सोसायटी का है, जहां 25 अप्रैल को एक मकान से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी की गई थी। पुलिस ने इस घटना से संबंधित 100 ग्राम के एक सोने के बिस्किट, दो 50-50 ग्राम के सोने के बिस्किट, सोने की चेन, हार, झुमके, अंगूठियां, कंगन, लॉकेट, नोज पिन, चांदी की पायल, बिछिया समेत कई आभूषण और करीब 8.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। दूसरा मामला 26 अक्तूबर को ग्राम जैतपुर के पास हुई चोरी का है। आरोपियों ने यहां से चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर प्राप्त 2.55 लाख रुपये पुलिस को बरामद कराए हैं। तीसरा मामला सेक्टर-144 स्थित मगध एन्क्लेव का है, जहां 3 अप्रैल 2026 को एक मकान में चोरी की गई थी।

Police Station Surajpur Greater Noida News : पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी वकील उर्फ रिजवान के खिलाफ सम्भल, गाजियाबाद, रामपुर और गौतमबुद्धनगर समेत विभिन्न जिलों में 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सरफराज उर्फ फैज पर भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 17 मुकदमे दर्ज हैं। भोले उर्फ भोला और अलीजान के खिलाफ भी चोरी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।